प्रधानमंत्री से मिलने पहुंचा बीमार विकलांग, गेट पर तोड़ा दम
25/01/2016
काशी में प्रधानमंत्री मोदी से मिलने गया प्रकाश पटेल (18) जो की दोनों पैरों से विकलांग (अक्षम) था। उसका व्हीलचेयर पर पूरे समाज की मुख्य धारा से जुड़ने का सपना अधूरा ही रह गया। बीमारी के बावजूद वह शुक्रवार को प्रधानमंत्री को सुनने और उपकरण लेने डीरेका मैदान गया था। कार्यक्रम खत्म होने के बाद डीरेका मैदान से बाहर निकलते ही प्रकाश पटेल के पेट में अचानक तेज दर्द शुरू हुआ और कंदवा गेट के निकट उसने दम तोड़ दिया। खबर मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। मंडुवाडीह पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रकाश पटेल की मृत्यु की वजह ठंड लगना बताया जा रहा है।
रोहनिया क्षेत्र के गोविंदपुर बभनियांव के कृषक राजकुमार पटेल के बेटे प्रकाश पटेल का पंजीकरण डीरेका स्थित सामाजिक अधिकारिता शिविर में व्हीलचेयर देने के लिए हुआ था। परिवारवालों के अनुसार उसकी तबियत पहले से बहुत खराब थी लेकिन प्रकाश की जिद के चलते उसे डीरेका मैदान ले आया गया था। वह चाहता था कि कार्यक्रम में वह जरूर शामिल हो। तय समय पर प्रकाश डीरेका पहुंचा और कार्यक्रम में शामिल होने के बाद व्हीलचेयर लेकर पिता(राजकुमार) के साथ घर वापस जा रहा था।
तभी इसी दौरान उसके पेट में तेज दर्द शुरू हो गया। पता चलते ही पिता राजकुमार उसे व्हीलचेयर से ही दवा दिलाने के लिए तेजी से बढ़े लेकिन कंदवा गेट के समीप ही प्रकाश ने दम तोड़ दिया । प्रकाश दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। इस बारे में जिलाधिकारी राजमणि यादव ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
POST YOUR COMMENTS