पांचवें वनडे में भारत ने दर्ज की जीत
24/01/2016
टीम इंडिया ने लगातार 4 मैचों में हार का सामना करने के बाद इस सिलसिले को तोड़ा और सीरिज के पांचवें वनडे में जीत दर्ज की। अब मंगलवार 26 जनवरी से तीन मैचों की टी-20 सीरीज आरम्भ होगी। शनिवार को सिडनी में दोनों टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले हुआ। ऑस्ट्रेलिया के 331 रनों के जवाब में भारत ने 46 ओवरों में 3 विकेट के नुकसान पर 291 रन बनाए। जीत के लिए 24 गेंदो में 40 रनों की आवश्यकता थी। मनीष पांडे 84 रन पर और कप्तान महेंद्र सिंह धोनी 17 रन पर खेल रहे थे।
47वें ओवर में कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और मनीष पांडे के बल्ले से एक चौका भी नहीं लगा। कप्तान धोनी ने पहली गेंद पर लेग बाई, अगली दो गेंदों पर पांडे ने 2-2 रन लिए। अगली तीन गेंदों पर कोई रन नहीं मिला। जीत के लिए बस 18 गेंदों पर 35 रनों की जरूरत थी। 48वां ओवर टीम इंडिया के लिए अच्छा साबित हुआ। इस ओवर में दो चौके लगे। दोनों बल्लेबाजों मनीष पांडे ने पहले और फिर ओवर की 5वीं गेंद पर धोनी के बल्ले से चौका लगाया। कुल मिलाकर इस ओवर में टीम इंडिया ने वापसी करते हुए 13 रन लिए। भारत को जीत के लिए 12 गेंदों पर 22 रनों की जरुरत थी।
टीम इंडिया के लिए 49वां ओवर भी थोड़ा राहत भरा था। हालांकि इस ओवर में एक चौका भी नहीं आया। इस ओवर में टीम इंडिया ने 9 रन बनाए। अभी भी जीत के लिए 6 गेंदों पर 13 और रनों की आवश्यकता थी। अंतिम ओवर की पहली गेंद पर कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने छक्का लगाया और टीम को जीत के करीब ला दिया। हालांकि अगली ही गेंद पर धोनी आउट हो गए। तीसरी गेंद पर मनीष पांडे ने चौका जड़ा और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहला और करियर का दूसरा शतक जड़ा। अगली गेंद पर दो रन लेकर मनीष पांडे ने सीरिज के पांचवें वनडे में जीत दर्ज करा दी।
POST YOUR COMMENTS